हजारों का नुकसान
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर गांव में शुक्रवार दोपहर गैस पाइप में रिसाव के कारण मोमोज की एक गुमटी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से गुमटी में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर गांव निवासी भूपत राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे गुमटी में होटल संचालित करते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह मोमोज बनाने के लिए गैस चूल्हा जला रहे थे। इसी दौरान सिलेंडर के पाइप से गैस रिसाव होने के कारण आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी गुमटी को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना पर आसपास के लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
भूपत ने बताया कि आग से उनकी गुमटी, नया मोबाइल फोन, खाद्य सामग्री तथा अन्य सामान जल गया। उन्होंने लगभग 20 से 25 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
फायर स्टेशन प्रभारी हरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर के पाइप में लीकेज के कारण आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने लोगों से गैस उपकरणों की समय-समय पर जांच कराने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।








