– अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक और APK फाइल से सावधान रहने की दी सलाह, 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत करने का किया आह्वान
अमृत उजाला न्यूज़ संतकबीरनगर। तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम थाना संतकबीरनगर की टीम ने गुरुवार को जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में अध्यापकों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से बचाव की जानकारी दी गई और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अमित कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि साइबर अपराधी अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक, ई-मेल, लॉटरी ऑफर, क्यूआर कोड, फेक क्रेडिट, वर्क फ्रॉम होम, पुलिस इम्पर्सनेशन, डिजिटल अरेस्ट और APK फाइल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, बैंक खाता या UPI संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें तथा लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर से सतर्क रहें। कार्यक्रम में सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।
साइबर पुलिस ने शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और विद्यार्थियों व आमजन को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, मुख्य आरक्षी अमृता सिंह, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह, महिला आरक्षी प्रतीची शुक्ला सहित साइबर थाना की टीम एवं DIET के अध्यापक उपस्थित रहे।







