दोनों मालिकों को मिलीं मोटरसाइकिलें
मेहदावल (संतकबीरनगर)। मेहदावल पुलिस ने तत्परता और तकनीकी जांच का शानदार उदाहरण पेश करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल अदला-बदली के मामले का खुलासा कर दोनों बाइक उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दीं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड परम हंस सिंह, निवासी ग्राम सरफरा, अपनी हीरो स्प्लेंडर (UP58 AE 8879) से मेहदावल आए थे। उन्होंने रोडवेज के पास चाय की दुकान के निकट बाइक खड़ी की थी। वापस लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मेहदावल पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच की। जांच में पता चला कि गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुनवार निवासी राजकुमार यादव गलती से अपनी मोटरसाइकिल समझकर परम हंस सिंह की बाइक लेकर चले गए थे। इसी वजह से दोनों मोटरसाइकिलों की अदला-बदली हो गई थी।
पुलिस और सर्विलांस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सकुशल सौंप दीं।
अपनी बाइक वापस मिलने पर होमगार्ड परम हंस सिंह ने संतकबीरनगर पुलिस, थाना मेहदावल पुलिस और सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की।
बरामदगी टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल मिंटू गुप्ता तथा सर्विलांस टीम शामिल रही।







