16 यूनिट रक्त संग्रहित
गोरखपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला कारागार गोरखपुर में वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता और जनसेवा को समर्पित इस शिविर का आयोजन जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय की पत्नी गायत्री पाण्डेय ने स्वयं रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। वहीं, उप कारापाल विजय कुमार ने भी रक्तदान कर अभियान में अपनी सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान कुल 16 यूनिट रक्त सुरक्षित रूप से संग्रहित किया गया।
रक्तदान शिविर में जवाहर चंद्रावती सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा मौर्या (शालिनी मौर्या) और संचालन मंत्री धीरज सिंह ने भी सक्रिय सहयोग किया। चिकित्सा संबंधी तकनीकी व्यवस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय, गोरखपुर की विशेषज्ञ टीम ने संभाली। टीम ने सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया।
जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और चिकित्सक दिवस पर रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है।”
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, नरेश कुमार, उप जेलर विजय कुमार, आदित्य कुमार, कृष्णा कुमारी, अमिता श्रीवास्तव सहित अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








