गोरखपुर:महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को मिला नया मंच
35 से अधिक स्टॉल्स, विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागी और आगंतुक; राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी रहीं मुख्य अतिथि
गोरखपुर। शहर के गोकुल अतिथि भवन में रविवार को ‘सजधज 3.0 सावन एग्जीबिशन’ का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक चले इस कार्यक्रम में महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 35 से अधिक स्टॉल लगाए गए। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
एग्जीबिशन में क्रोशे (Crochet) उत्पाद, हैंडबैग, बेडशीट, सावन और रक्षाबंधन थीम की राखियां, भगवान की पोशाक, बच्चों के गिफ्ट आइटम, लाइव कस्टमाइज्ड हैंडमेड उत्पाद, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, होम डेकोर, हैंडीक्राफ्ट, फूड आइटम्स और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, चैरिटी स्टॉल पर आत्मनिर्भर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए इको-फ्रेंडली उत्पादों का भी प्रदर्शन और विक्रय किया गया।
इस बार आयोजन में केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि अयोध्या, वाराणसी और आसपास के कई जिलों से भी प्रतिभागियों और आगंतुकों ने हिस्सा लिया, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर भी सफल साबित हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रिया अग्रवाल और मोनिका जालान के नेतृत्व में किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस एग्जीबिशन का उद्देश्य घर से कार्य करने वाली महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हुनर का प्रदर्शन कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती चारु चौधरी, उपाध्यक्ष, राज्य महिला आयोग ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेविका सुधा मोदी और खुशबू मोदी भी उपस्थित रहीं। दोनों ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मंच महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के नए अवसर प्रदान करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में आगंतुकों ने विभिन्न स्टॉल्स का भ्रमण कर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। आयोजन के समापन पर आयोजकों ने भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।








