अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे घाट
बारानगर सरयू घाट पर हादसा, पैर फिसलने से गहरे पानी में गए; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के बारानगर सरयू घाट पर रविवार को स्नान के दौरान डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंद्र कुमार (46) निवासी अहिरौली, गोला के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार महेंद्र कुमार अपने गांव के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बारानगर सरयू घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद वह सरयू नदी में स्नान करने उतरे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।
घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर है।







