कौड़ीराम डिवीजन में अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन, बकाया वेतन मिलने तक काम बंद रखने की चेतावनी
गोरखपुर। जिले के कौड़ीराम डिवीजन में तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज मीटर रीडरों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर अधिशासी अभियंता आशीष कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अप्रैल, मई और जून 2026 का बकाया वेतन मिलने तक उनका आंदोलन और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
ज्ञापन में मीटर रीडरों ने बताया कि लगातार तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक खर्चों को पूरा करने का गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से मीटर रीडिंग और बिलिंग का कार्य कर बिजली विभाग के राजस्व में योगदान दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। इससे उनका मनोबल लगातार गिर रहा है।
मीटर रीडरों ने अधिशासी अभियंता से मांग की कि तीनों माह का बकाया वेतन तत्काल जारी कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक वेतन का भुगतान नहीं होगा, तब तक वे कार्य का बहिष्कार जारी रखेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विनोद मिश्रा, अखिलेश्वर चंद उर्फ मुन्ना चंद, सुनील त्रिपाठी, दुर्गेश शर्मा, द्वारिका पांडे सहित कौड़ीराम डिवीजन के बड़ी संख्या में मीटर रीडर मौजूद रहे। सभी कर्मचारियों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया।







