5 एमवीए ट्रांसफार्मर चार दिन बाद भी चालू नहीं, 100 केवी ट्रांसफार्मर का फेज खराब होने से बढ़ी मुश्किलें
एटा। भीषण गर्मी के बीच अलीगंज कस्बे की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर खराब हुए 5 एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 28 जून को राजा का रामपुर से दूसरा 5 एमवीए ट्रांसफार्मर लाकर लगाया गया था, लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी उसे चालू नहीं किया जा सका। इससे उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती और डिम वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार शाम करीब 7 बजे 100 केवी ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब हो जाने से कस्बे के अधिकांश मोहल्लों में डिम वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई। उमस भरी गर्मी में लोगों को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी।
गोविंद दास मोहल्ला निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि समस्या की शिकायत लेकर वह रात में बिजलीघर भी पहुंचे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों और परिवार के साथ पूरी रात गर्मी में गुजारनी पड़ी, जबकि 12 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
कस्बा निवासी लड़ेते सिंह ने आरोप लगाया कि अलीगंज में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम जनता की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। उनका कहना है कि अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के यहां जनरेटर होने के कारण उन्हें आम लोगों की परेशानियों का एहसास नहीं है।
वहीं राहुल तोमर ने कहा कि 5 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से कस्बे की बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। उनका आरोप है कि विभाग द्वारा लाया गया ट्रांसफार्मर भी पुरानी स्थिति का है और अब तक चालू नहीं हो सका।
जेई बोले— जल्द सामान्य होगी आपूर्ति
अलीगंज के जूनियर इंजीनियर अतर सिंह ने बताया कि बुधवार शाम 100 केवी ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब हो जाने से आधे कस्बे में डिम वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हुई थी। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए एक-एक घंटे के अंतराल पर बिजली आपूर्ति कराई गई।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर की खराबी दूर करने का कार्य जारी है और उम्मीद है कि शाम तक बिजली व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। वहीं 5 एमवीए ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग पूरी होने के बाद उसे भी चालू कर दिया जाएगा।







