कड़ी सुरक्षा के बीच वाराणसी के लिए रवाना
स्टेशन परिसर छावनी में तब्दील, एसडीएम, सीओ समेत जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस रही मुस्तैद
लंभुआ (सुलतानपुर)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को बेगमपुरा एक्सप्रेस से सुलतानपुर जिले के लंभुआ रेलवे स्टेशन पहुंचीं। ट्रेन स्टेशन पर कुछ देर रुकी, जिसके बाद राज्यपाल वाराणसी के लिए रवाना हो गईं। उनके आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
राज्यपाल के आगमन से पहले ही स्टेशन परिसर को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर छावनी में तब्दील कर दिया गया था। उप जिलाधिकारी प्रीति जैन, क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर, लंभुआ थाना प्रभारी निरीक्षक, जीआरपी, आरपीएफ तथा स्थानीय पुलिस बल के साथ बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। राज्यपाल के आगमन और ट्रेन के ठहराव के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन कुछ समय रुकने के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो गई।







