स्कूल चलो अभियान द्वितीय चरण का शुभारंभ
राज्यमंत्री सतीश शर्मा बोले- शिक्षकों को मिलेगी ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का लक्ष्य
अमन तिवारी
रामसनेहीघाट बाराबंकी। नगर पंचायत रामसनेहीघाट स्थित मिनी स्टेडियम में सोमवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत आभार कार्यक्रम एवं स्कूल चलो अभियान (द्वितीय चरण) का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ शिक्षकों और शिक्षा परिवार के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा उनके आश्रित परिवारों को पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे शिक्षा परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
राज्यमंत्री ने स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ करते हुए सभी से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी बनीकोडर, दरियाबाद, पूरेडलई एवं सिरौलीगौसपुर, जिला महामंत्री पवन सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।








