असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार 30 वर्षीय रामानुज गोस्वामी की पुलिस हिरासत के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के मेडिकल जांच के बाद उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से हाटीगांव थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान नरकासुर पहाड़ी क्षेत्र के पास आरोपी ने पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर हाथापाई की और चलती गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरने की वजह से रामानुज गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसे खाई से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की हत्या का लगा था आरोप
रामानुज पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने का आरोप था। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, 3 सितंबर को गुवाहाटी स्थित दंपती के फ्लैट में रिया की कथित तौर पर हत्या की गई थी। पुलिस को शक है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने की आशंका को लेकर रामानुज ने यह कदम उठाया।
घर से दुर्गंध आने पर सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, घटना के कुछ दिन बाद आसपास रहने वाले लोगों को फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। जांच के दौरान रेफ्रिजरेटर में रखे एक काले पॉलीथिन बैग से महिला का सिर और कुछ उंगलियां बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस को मौके से खून लगा एक धारदार हथियार भी मिला, जिसे जांच में हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।
छह सितंबर को हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने रामानुज को 6 सितंबर को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 238 के तहत साक्ष्य मिटाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर रखा गया था।
पत्नी के करीबी व्यक्ति को भी धमकी देने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रामानुज ने कथित हत्या को लेकर किसी तरह का पछतावा नहीं जताया। अधिकारियों का कहना है कि उसने पत्नी के करीबी बताए जा रहे एक व्यक्ति को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घटना के वक्त नशे में होने की बात कही थी। उसके फ्लैट से शराब की खाली बोतलें भी मिलने की जानकारी दी गई है। रिया के परिवार ने भी रामानुज पर शराब की लत और पहले कुछ विवादों में शामिल रहने के आरोप लगाए थे। पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही थी। हालांकि, मामले की जांच पूरी होने से पहले ही आरोपी की मौत हो गई।





















