चार नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
हापुड़। जनपद के थाना देहात क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी को कथित रूप से तेजाब पिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने की रंजिश में चार युवक घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। गंभीर हालत में किशोरी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के भाई की तहरीर के अनुसार, कुछ दिन पहले पड़ोस में रहने वाले कादिर और नाजिम ने उसकी बहन का दूध की डेयरी आते-जाते समय पीछा कर छेड़छाड़ की थी। इसकी शिकायत परिवार की ओर से की गई थी।
आरोप है कि इसी रंजिश में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे कादिर और नाजिम घर में घुस आए और परिवार के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद वे छत पर पहुंचे और किशोरी को जबरन तेजाब पिला दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के समय अब्दुल्ला और सालिम भी मौके पर मौजूद थे और चारों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन गंभीर हालत में किशोरी को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर कादिर, नाजिम, अब्दुल्ला और सालिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#Hapur #CrimeNews #UPNews #AcidAttack #WomenSafety #BreakingNews #HapurPolice








