फरियादियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
झांसी। पुलिस कार्यालय परिसर में आमजन की सुविधा के लिए नवनिर्मित “रानी लक्ष्मी बाई प्रतीक्षालय” का गुरुवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया।
लोकार्पण के बाद अतिथियों ने प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया और इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे पुलिस कार्यालय आने वाले फरियादियों और आगंतुकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक प्रतीक्षा व्यवस्था उपलब्ध होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि पुलिस कार्यालय में आने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना झांसी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान, क्षेत्राधिकारी नगर रामवीर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






