पुष्पवर्षा और महाप्रसाद के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब
गोरखपुर। स्वर्गद्वारी स्थित श्री श्री शीतला चारों धाम मंदिर, घासी कटरा के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य नगर शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरा मार्ग भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
आयोजक स्वरूप गुप्ता ने बताया कि शोभायात्रा घासी कटरा स्थित मंदिर से शुरू होकर जाफरा बाजार, चरन लाल चौक, आर्यनगर, बक्शीपुर, रेती चौक, गीता प्रेस, लाल डिग्गी और मिर्जापुर होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ का पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ स्वागत किया।
इस वर्ष रथयात्रा के मुख्य यजमान पियुष गुप्ता और ज्योति गुप्ता रहे। आयोजन समिति ने शोभायात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच भगवान जगन्नाथ का महाप्रसाद (भात) वितरित किया, जिसे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हुआ। समिति ने लोगों से भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।






