एटा/जलेसर। 80वें स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले गुरुवार को जलेसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को देश के प्रति प्रेम और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने किया। यात्रा में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रास्ते भर हाथों में लहराते तिरंगे और स्वास्थ्य कर्मियों के जोशीले नारों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और नगर का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने आम लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने की अपील की। यात्रा में शामिल कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उनके चेहरों पर देश के प्रति गर्व और तिरंगे के प्रति सम्मान साफ नजर आया। इस आयोजन के जरिए स्वास्थ्य विभाग ने अपने दायित्वों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में पुष्पेन्द्र मिश्रा, प्रवेंद्र सिंह, मुनीश कुमार वर्मा, संजय कुमार, राजा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, एएनएम, समस्त आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लेकर स्वतंत्रता दिवस से पहले नगरवासियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।






















