Kaushambi Firecracker Factory Blast: प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 15 लोग झुलसकर घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है और कुछ घरों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। घटनास्थल प्रयागराज की सीमा के पास स्थित है और मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे।
लगातार धमाकों से मची अफरा-तफरी
विस्फोट के बाद लगातार धमाकों और घने धुएं के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग सबसे पहले राहत कार्य में जुट गए और घायलों को चारपाई व अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जांच में जुटा प्रशासन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की पहचान तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।






















