लखीमपुर-खीरी। दुबहा के पास दुर्गापुरवा मोड़ पर मंगलवार को तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय कार में एक महिला समेत पांच लोग सवार थे। कार के पानी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे रमाकांत दीक्षित और सचेत मौर्य ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। दोनों युवक पानी में उतर गए और काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, युवकों की सूझबूझ और तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया।
पानी में डूबने के कारण एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से महिला को निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे की खबर फैलते ही दुर्गापुरवा मोड़ पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जुट गए। लोगों ने मिलकर कार को गड्ढे से बाहर निकालने में मदद की। पांच लोगों की जान बचाने वाले रमाकांत दीक्षित और सचेत मौर्य के साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की। घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान सड़क किनारे खुले और पानी से भरे गड्ढों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




















