वन विभाग ने लगाया पिंजरा
बहराइच। वन प्रभाग बहराइच की बहराइच रेंज अंतर्गत ग्राम खैरटिया हमीरपुर, थाना रामगांव, तहसील महसी में शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। तेंदुए की मौजूदगी से गांव में दहशत फैल गई। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।
वन विभाग के अनुसार, सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वनाधिकारी बहराइच अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को तेंदुए से दूर रहने तथा घटनास्थल से हटने की लगातार अपील की। इसी दौरान तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
बताया गया कि वन विभाग की चेतावनी के बावजूद कुछ ग्रामीण तेंदुए को नजदीक से देखने के लिए उसके पास पहुंच गए। इस दौरान तेंदुए ने तीन अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया, जिससे उन्हें हल्की चोटें और खरोंचें आईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्राम प्रधान और पुलिस की मदद से मौके पर मौजूद ग्रामीणों को नियंत्रित किया गया। उच्चाधिकारियों से वार्ता के बाद तेंदुए की गतिविधियों वाले क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है, ताकि उसे सुरक्षित रूप से पकड़कर जंगल में छोड़ा जा सके।
वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे तेंदुए से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, भीड़ न लगाएं और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें, जिससे रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।








