लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। इस फेरबदल के तहत लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर को उनके पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना), उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की कमान अब आईपीएस तरुण गाबा को सौंपी गई है। तरुण गाबा इससे पहले अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा), उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात थे।
सरकार द्वारा जारी तबादला सूची में कुल 15 आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें मुथा अशोक जैन को डीजी अभिसमन एवं आपात सेवाएं, राम कुमार को एडीजी गोरखपुर जोन, नवीन अरोरा को एडीजी वाराणसी जोन और पीयूष मोर्डिया को पुलिस आयुक्त प्रयागराज बनाया गया है।
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों और जोनों में पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है।







