2027 चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र
राजीव अग्रवाल ने बूथ समितियों के पुनर्गठन पर दिया जोर, विधायक संजीव दिवाकर ने गिनाईं क्षेत्र के विकास कार्यों की उपलब्धियां
एटा/जलेसर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को जलेसर विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडलों के बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। पटना पक्षी विहार के निकट एक मैरिज होम में आयोजित सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजीव अग्रवाल ने बूथ अध्यक्षों से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ समितियों के पुनर्गठन, पन्ना प्रमुखों की सक्रिय भूमिका और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाताओं तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में हुए विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था में सुधार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक को संबोधित करते हुए जलेसर विधायक संजीव दिवाकर ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है और नए रोडवेज डिपो का उद्घाटन भी जल्द कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आगरा–जलेसर–नूंहखेड़ा–बरेली राजमार्ग के निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद 31 जुलाई तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल कुमार सिंह ‘बन्ना’ ने की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, मंडल अध्यक्ष आशु ठाकुर, सोनू शर्मा, संजय कुशवाह, दिलीप वार्ष्णेय, भाजपा नेत्री नीलम प्रजापति, एलडीबी अध्यक्ष दर्शन पाल सिंह बंटू, बृज प्रांत पिछड़ा प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय मंत्री बी.एल. कुशवाह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







