जलेसर कोतवाली में एफआईआर, ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जांच में शामिल; पुलिस ने शुरू की विवेचना
एटा/जलेसर। जलेसर कोतवाली पुलिस ने एक पत्रकार को कथित रूप से जान से मारने और घर पर हमला कराने की धमकी देने के आरोप में एक स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पत्रकार तुर्रम सिंह पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम धर्मपुर, थाना शकरौली, तहसील जलेसर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 6 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:52 बजे आरोपी तुर्रम सिंह यादव, निवासी मोहल्ला गोलनगर, कस्बा एवं थाना जलेसर ने मोबाइल फोन पर कॉल कर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
तहरीर के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर उनकी टांगें तुड़वाने, 40-50 लोगों के साथ घर पर हमला कराने, जान से मारने तथा पत्रकारिता बंद कराने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि वह अपने पेशेवर दायित्व के तहत समाचार संकलन का कार्य कर रहे थे और उनका आरोपी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था।
पीड़ित ने बातचीत की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है, जिसकी जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में पड़ताल की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रविराज सिंह को सौंपी गई है और पुलिस विधिक कार्रवाई करते हुए सभी तथ्यों की जांच कर रही है।







