28 प्रमुख इलाकों को मिलेगा बेहतर कनेक्टिविटी नेटवर्कजाम कम करने की पहल, 10–20 किमी दायरे में संचालित होंगी 20 सीटर बसें; मेट्रो, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से होगा सीधा जुड़ाव।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से पहली बार मिनी AC बस सेवा शुरू की जाएगी। यह सेवा शहर के 28 प्रमुख इलाकों में संचालित होगी और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
नई मिनी AC बसें 10 से 20 किलोमीटर के दायरे में चलेंगी। प्रत्येक बस में 20 सीटों की क्षमता होगी, जिनमें लगभग 16 से 20 यात्री आरामदायक सफर कर सकेंगे।
इन बसों का संचालन इस तरह किया जाएगा कि यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिल सके। खास बात यह है कि मिनी बसें सिटी बसों के मौजूदा रूट पर नहीं चलाई जाएंगी, बल्कि उन क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित है।
सेवा शुरू करने से पहले ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से सर्वे करेंगे। सर्वे के आधार पर ऐसे रूट तय किए जाएंगे, जहां मिनी AC बसों का संचालन सबसे अधिक प्रभावी साबित हो और शहर में ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
इस नई पहल से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ यात्रियों को भी अधिक सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।







