बनीकोडर क्षेत्र में संपर्क मार्ग और डामर सड़क निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की मिलेगी सुविधा
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मंगलवार को विकास खंड बनीकोडर के ग्राम बाजपुर पाराहाजी संपर्क मार्ग पर लगभग 9.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लघु सेतु तथा पूरे जोगा जयचंदपुर से पूरे गोबरे तक डामर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि लघु सेतु के निर्माण से दो विधानसभा क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जनसुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल बनने से ग्रामीणों का समय और दूरी दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों को इस परियोजना के पूरा होने के बाद बड़ी राहत मिलेगी। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा, पवन सिंह रिंकू, रूपेश प्रताप सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, बाबा परमेंद्र विक्रम सिंह, दुर्गा प्रसाद पांडेय, भैरव प्रसाद रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।





















