फिटनेस और परमिट समाप्त होने वाले वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई, पहले दिन 4 स्कूली वाहनों का चालान और 1 वाहन सीज।
रायबरेली। बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग 7 से 15 जुलाई तक “मिशन सेफ फ्यूचर” के तहत विशेष प्रवर्तन अभियान चलाएगा। यह अभियान उन स्कूली वाहनों के खिलाफ होगा जिनकी फिटनेस या परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी है।
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के 29 जून 2026 के परिपत्र के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी स्कूली वाहनों को शत-प्रतिशत वैध फिटनेस और परमिट से आच्छादित करना है। विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों के दस्तावेजों की अवधि समाप्त हो चुकी है, वे तत्काल उनका नवीनीकरण करा लें, अन्यथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) उमेश चंद्र कटियार ने सभी प्रधानाचार्यों और विद्यालय संचालकों से भी अपील की है कि वे किसी भी ऐसे स्कूली वाहन का संचालन न होने दें, जिसकी फिटनेस या परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी हो। साथ ही वाहन स्वामियों को आवश्यक दस्तावेजों का समय पर नवीनीकरण कराने के निर्देश दें।
अभियान के तहत अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को केवल वैध दस्तावेजों वाले स्कूली वाहनों से ही स्कूल भेजें।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान एआरटीओ (प्रवर्तन) उमेश चंद्र कटियार ने 4 स्कूली वाहनों का चालान किया, 1 वाहन को सीज किया गया। इसके अलावा एक स्लीपर बस को सलोन पुलिस चौकी तथा एक स्कूली वाहन को सिविल लाइन चौकी में बंद कराया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
#Hashtags:
#MissionSafeFuture, #Raebareli, #SchoolBus, #RoadSafety, #TransportDepartment, #UPTransport, #SchoolSafety, #ARTO, #TrafficEnforcement, #UttarPradesh








