असना टेल व जलालपुर माइनर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
चंदौली। किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने की दिशा में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने बुधवार को चन्द्रप्रभा नहर प्रणाली के अंतर्गत असना टेल एवं जलालपुर माइनर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नहर में पानी की उपलब्धता, जल प्रवाह तथा साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नहरों का संचालन इस प्रकार किया जाए कि अंतिम छोर तक स्थित किसानों को भी समय पर पर्याप्त पानी मिल सके।
निरीक्षण के दौरान खेतों पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। किसानों ने पानी की उपलब्धता, नहरों की सफाई और टेल तक नियमित जलापूर्ति से जुड़ी अपनी बातें रखीं। निरीक्षण दल ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के समय सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी न होने पाए। साथ ही नहरों की नियमित सफाई और रखरखाव का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इस निरीक्षण के बाद नहर प्रणाली में सुधार होगा और किसानों को समय पर सिंचाई का पानी मिलेगा, जिससे धान सहित खरीफ फसलों की खेती को लाभ पहुंचेगा। ग्रामीणों ने कहा कि टेल क्षेत्र तक पर्याप्त पानी पहुंचना लंबे समय से किसानों की प्रमुख मांग रही है।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर यह संकल्प दोहराया गया कि “हर खेत तक समय पर पानी पहुंचे” और किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नहर प्रणाली को सुचारु बनाए रखने और जल वितरण को प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







