सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मिली सफलता, रास्ता भटकने की बात बताई छात्र ने
सोनभद्र। ओबरा पुलिस ने दो दिन से लापता 14 वर्षीय छात्र को सूचना मिलने के महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते छात्र सुरक्षित मिल गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, आवेदक कृष्णा नंद दुबे ने 25 जुलाई 2026 को ओबरा थाने में अपने 14 वर्षीय पुत्र विनीत कुमार के लापता होने की सूचना दी थी। विनीत मीरजापुर के चुनार स्थित भागीरथी ट्रस्ट आदर्श विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र है। वह 24 जुलाई को विद्यालय से अपने घर कुलडोमरी, अनपरा (सोनभद्र) के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया और स्थानीय लोगों की मदद से व्यापक खोज अभियान चलाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप सूचना मिलने के मात्र तीन घंटे के भीतर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह रास्ता भटक गया था और रात में एक मंदिर के पुजारी के पास रुक गया था।
आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर परिजनों ने ओबरा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
छात्र को सकुशल बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार (चौकी प्रभारी कस्बा), उपनिरीक्षक राम सिंह यादव (प्रभारी मिशन शक्ति), हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, हेड कांस्टेबल अनिल गुप्ता, महिला कांस्टेबल रिंकू गुप्ता, रंजना यादव तथा अर्चना शामिल रहीं।







