सपा ने 27 हजार से अधिक नामों में गड़बड़ी का लगाया आरोप
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराने और त्रुटियों को तत्काल दूर करने की मांग की है।
सपा का दावा है कि अनूपशहर विधानसभा के 448 मतदेय स्थलों की मतदाता सूची में व्यापक अनियमितताएं सामने आई हैं। पार्टी के अनुसार, 27 हजार से अधिक मतदाताओं के नामों में गड़बड़ी पाई गई है। आरोप है कि कई मतदाताओं के नाम में सरनेम जोड़े या हटाए गए हैं, जबकि कई मामलों में रिश्तेदार (Relative) के नाम में भी बदलाव किया गया है।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 800 मतदाताओं के EPIC (Electors Photo Identity Card) नंबर बदल दिए गए हैं। साथ ही 27 हजार से अधिक मतदाताओं को नया पहचान पत्र जारी करने की आवश्यकता बताई गई है।
सपा ने मतदाता सूची में धर्म के आधार पर नाम दर्ज किए जाने के आरोपों की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटियां हैं तो उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूरी तरह ठीक किया जाना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं का विश्वास बना रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में सपा ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जाए।







