महिला सुरक्षा के लिए 30 ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों को मिला प्रशिक्षण
मेहदावल (संतकबीरनगर)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ को सफल बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पुलिस विभाग और यूनिसेफ के संयुक्त सहयोग से गुरुवार को मेहदावल थाना परिसर में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का पहला प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें मेहदावल, बेलहरकलां और सांथा विकास खंड के 30 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह और थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक सोच विकसित करने तथा हिंसा की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों को तैयार करना है, जो आगे ग्राम स्तर के सुगमकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए छह सप्ताह तक छह विषयगत जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, लैंगिक समानता, सम्मानजनक संबंध और हिंसा की रोकथाम जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, सरकारी सहायता सेवाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। समूह चर्चा, रोल प्ले, केस स्टडी और गतिविधि आधारित अभ्यास के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया। अंत में प्रतिभागियों की समझ का मूल्यांकन कर आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
यूनिसेफ के मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार राजेश कुमार सैनी ने ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ की अवधारणा, कैस्केड प्रशिक्षण मॉडल और कार्यक्रम की कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करना है।
प्रशिक्षण में पुलिस विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मास्टर प्रशिक्षक स्वीटी मंडल, मोनिका शुक्ला, सुमन मिश्रा, राजेश कुमार सिंह और प्रमोद त्रिपाठी ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने विकास खंडों में ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ को प्रभावी ढंग से आयोजित करने का संकल्प लिया।







