अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए दिशा-निर्देश
उन्नाव। उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल के 30 जून को प्रस्तावित उन्नाव दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, सतर्कता और समन्वय के साथ निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
ब्रीफिंग के दौरान यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए।
महामहिम राज्यपाल का प्रस्तावित कार्यक्रम 30 जून को थाना सोहरामऊ क्षेत्र स्थित आनंदी मैजिक वर्ल्ड वाटर पार्क में आयोजित होना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








