मुख्यमंत्री योगी ने 150 लोगों की सुनीं समस्याएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन आयोजित कर करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई होगी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे, एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।
अपराध और भूमि कब्जे से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के प्रार्थना पत्रों पर अस्पतालों से इस्टीमेट जल्द तैयार कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया, उन्हें चॉकलेट दी और आशीर्वाद भी प्रदान किया।
गोशाला पहुंचकर की गोसेवा
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर की गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ गायों को उनके नाम लेकर पुकारा, जिन्हें उनकी आवाज पहचानते ही गोवंश उनके पास दौड़कर आ गए। मुख्यमंत्री ने गायों के माथे पर हाथ फेरकर उन्हें दुलार किया और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। उन्होंने गोशाला में मौजूद अन्य गायों और नंदी को भी गुड़ खिलाया तथा गोशाला के कर्मचारियों को पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश दिए।







