घटना में प्रयुक्त दो गाड़ियां बरामद
सुलतानपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस के कर्मचारी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को कोतवाली नगर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आरोपियों ने कर्मचारी पर वीआईपी सुइट नंबर-1 को जबरन खोलने का दबाव बनाया। कर्मचारी द्वारा नियमों का हवाला देकर सुइट खोलने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के संबंध में 28 जून को कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 29 जून को पर्यावरण पार्क रोड से समन उर्फ अमन निषाद, आलोक यादव और दिलशाद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्लैक स्कॉर्पियो (यूपी-32 पीटी 9698) और स्विफ्ट डिजायर (यूपी-42 एके 8090) भी बरामद की है।








