अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए रवाना
सोनभद्र। जनपद के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत ताइक्वांडो खिलाड़ी रवि सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए थाईलैंड के पटाया शहर रवाना हो गए हैं। वह 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज़ ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में पुरुषों के अंडर-58 किलोग्राम वर्ग में भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के लगभग 30 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रवि सिंह इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने रोमानिया में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक तथा नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
रवि सिंह के चयन से रेणुकूट, सोनभद्र और पूरे उत्तर प्रदेश में खुशी का माहौल है। उनके परिवार, मित्रों और हिण्डालको परिवार ने उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
थाईलैंड रवाना होने से पहले रवि सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी मेहनत और समर्पण के साथ खेलते हुए वह देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु तथा माता-पिता को दिया।
रवि सिंह को रवाना होने से पहले जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने भी रवि सिंह को बधाई देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
रवि सिंह की उपलब्धि जनपद के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है। अब पूरे जिले की निगाहें थाईलैंड में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर हैं, जहां उनसे एक बार फिर भारत के लिए पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है।







