संतकबीरनगर पुलिस ने लूटी गई बाइक, मोबाइल और .303 बोर का अवैध कट्टा किया बरामद, आरोपी औद्योगिक क्षेत्र के पास से दबोचा गया
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कट्टे के बल पर मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त .303 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 679/2026 के वांछित अभियुक्त चन्द्रलोक यादव उर्फ अभिनव प्रताप पुत्र जवाहर लाल, निवासी बड़गो, थाना कोतवाली खलीलाबाद को औद्योगिक क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र निवासी राजन गौड़, जो वर्तमान में मेहदावल बाईपास पर रह रहे हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला अस्पताल गेट के पास एक युवक ने अवैध कट्टा दिखाकर उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी-51 AZ-5055) और सैमसंग मोबाइल फोन लूट लिया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, सैमसंग मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त .303 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/7/25 की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ध्रुवनारायण यादव, उपनिरीक्षक ओंकारनाथ चतुर्वेदी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल हरिनारायण प्रसाद, कांस्टेबल बहादुर सिंह एवं कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







