प्रीतपाल सिंह बने अध्यक्ष, दिग्विजय नाथ पांडे ने संभाली मंत्री की जिम्मेदारी; सेवा कार्यों को नई गति देने का संकल्प
संतकबीरनगर। सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ रोटरी क्लब संतकबीरनगर का 18वां पदग्रहण समारोह सोमवार को होटल सोनी इंटरनेशनल में आयोजित किया गया। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह मुख्य अतिथि, उपजिलाधिकारी सदर हृदय राम त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि तथा रोटरी डिस्ट्रिक्ट के असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी चार्टर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडे ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह और मंत्री दिग्विजय नाथ पांडे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निवर्तमान अध्यक्ष महेश कुमार रुंगटा ने प्रीतपाल सिंह को कॉलर पहनाकर अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा, जबकि विजय कुमार राय ने दिग्विजय नाथ पांडे को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।
मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब निस्वार्थ सेवा, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और प्रशासन हर सकारात्मक पहल में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
उपजिलाधिकारी सदर हृदय राम त्रिपाठी ने सामाजिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।
असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडे ने रोटरी के सेवा भाव को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की सहायता, निर्धन बेटियों के विवाह में सहयोग तथा रोटरी फाउंडेशन में अधिकाधिक योगदान देने की अपील की।
निवर्तमान अध्यक्ष महेश कुमार रुंगटा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान और सामाजिक सेवा के कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया। चार्टर प्रेसिडेंट अजय कुमार पांडेय ने भी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में क्लब के नए सदस्यों दीपक गुप्ता, संजय प्रकाश गर्ग, डॉ. हिमांशु शुक्ला, अमृत पाल सिंह एवं सैयद अब्दुल हासिम का पिन पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. आलोक कुमार सिन्हा, डॉ. विवेक खन्ना, डॉ. अशोक कुमार चौधरी, डॉ. एन.एन. श्रीवास्तव और डॉ. हिमांशु शुक्ला को स्मृति चिह्न एवं उत्तरीय भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पी.एच.एफ. रामकुमार सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन दिग्विजय नाथ पांडे ने व्यक्त किया। समारोह में अजय कुमार पांडेय, अखिलेन्द्र सिंह, विपिन जायसवाल, अमरेश सिंह, दुष्यंत कुमार अग्रहरि, वंदना गुप्ता, सुनीता गुप्ता, विकास गुप्ता, अनिल कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार राय, डॉ. ए.के. सिन्हा, उमा शंकर पांडे, डॉ. श्याम कुमार सिंह, जसवीर सिंह, इंट्रैक्ट क्लब की अध्यक्ष नाजिया खातून, मंत्री निधि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।







