ग्राम प्रधानों से लेकर सफाई कर्मियों तक को दिया गया प्रशिक्षण
एटा/अलीगंज। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत ग्राम प्रधानों, ग्राम सचिवों, पंचायत सहायकों एवं सफाई कर्मियों की एक प्रशिक्षण गोष्ठी आयोजित की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोगों की रोकथाम, साफ-सफाई एवं जनजागरूकता को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
गोष्ठी में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, टाइफाइड तथा अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में गांवों में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम प्रधानों, ग्राम सचिवों, पंचायत सहायकों एवं सफाई कर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करें। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की अपील की गई।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अखलाक खान, खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्जन :
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. अखलाक खान ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम करना तथा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक बनाना है। इसके लिए ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं सफाई कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।








