सांसद साक्षी महाराज ने किया भूमि पूजन
विद्यालय के साथ छात्रावास भी होगा तैयार, सांसद बोले— क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा।
उन्नाव: उन्नाव के मौरावां कस्बे में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट प्री-प्राइमरी विद्यालय का शुक्रवार को भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर सांसद साक्षी महाराज, पुरवा विधायक अनिल सिंह, नगर पंचायत मौरावां के अध्यक्ष विवेक सेठ और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कृति राज मौजूद रहे।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के साथ आधुनिक छात्रावास का भी निर्माण किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों के रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
सांसद ने नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक सेठ द्वारा विद्यालय निर्माण के लिए 10 बीघा भूमि दान किए जाने की सराहना करते हुए इसे जनहित में किया गया सराहनीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के बनने से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने आयोजन के पोस्टर पर जनप्रतिनिधियों के फोटो नहीं होने पर नाराजगी भी जताई।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पांडेय, आनंद गुप्ता, मोहन सिंह, महेश चंद्र सोनी, दीपांशु चौधरी, संतोष सिंह, काली किशोर साहू, रामशंकर लोधी सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








