समतलिया, बहराइच। शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रशासन ने देवी प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह ने इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र स्थित राप्ती नदी के लक्ष्मणपुर लहसोरवा होलिया घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान घाट पर प्रतिमा विसर्जन के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक श्री नव दुर्गा प्रतिमाओं के पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवरात्रि के समापन के बाद बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन राप्ती नदी के लक्ष्मणपुर लहसोरवा होलिया घाट पर किया जाना है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से घाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती समेत अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव तथा समतलिया चौकी प्रभारी हेमंत कुमार चौधरी ने पुलिस बल के साथ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट की स्थिति का जायजा लेते हुए विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह, प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज जितेन्द्र कुमार यादव, राजस्व निरीक्षक राममिलन, लेखपाल उपेन्द्र कुमार यादव, लेखपाल लल्लू राम और लेखपाल पुष्पा देवी सहित राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाट पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी।





















