अयोध्या में होटल सार्वथिया सेवा सदन में सोमवार को सेवा संकल्प यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। गुजरात भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री डॉ. भाविन राजेश शिरोया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए युवाओं को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और युवाओं के बीच सेवा भाव को मजबूत करना है।
डॉ. भाविन ने कहा कि अयोध्या में यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल यात्रा करना या धार्मिक स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के बीच जाकर सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों से जुड़ना भी इसका अहम हिस्सा है। उन्होंने युवाओं को सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि गुजरात से अयोध्या पहुंची सेवा संकल्प यात्रा का कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ सेवा और सामाजिक चेतना की भूमि भी है। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों के बीच फल वितरण और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम इसी भावना को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रा के स्वागत में महानगर के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बिरला मंदिर समेत कई स्थानों पर यात्रियों का स्वागत किया गया। प्रेस वार्ता में दीप प्रजापति, विश्वदीप जडेजा, यश भाई, हर्षल सिसौदिया समेत यात्रा के साथ आए अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।





















