अयोध्या में गुजरात के वडनगर से काशी के लिए निकली सेवा संकल्प यात्रा का कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा रविवार देर शाम अयोध्या महानगर की सीमा में पहुंची। गरुण द्वार पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का स्वागत किया। इसके बाद रीडगंज और बिरला मंदिर में भी विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।
अयोध्या पहुंचने के बाद यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। सोमवार सुबह कच्चा घाट और लता चौक पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद कुष्ठ आश्रम में फल वितरण कर युवाओं और लाभार्थियों से संवाद किया गया। यात्रा के दौरान दशरथ पथ स्थित रामपुर हलवारा के किष्किंधा वन में 251 पौधों का रोपण भी किया गया। इसके बाद यात्रा को पूराबाजार से आगे के लिए रवाना किया गया।
होटल सार्वथिया सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में गुजरात भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री डॉ. भाविन राजेश शिरोया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यात्रा में धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या में यात्रा का स्वागत उत्साह के साथ किया गया और स्वच्छता, फल वितरण व पौधरोपण जैसे कार्यक्रम सेवा भावना को आगे बढ़ाने वाले हैं।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रा के स्वागत में महानगर के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। यात्रा में प्रदेश महामंत्री हर्ष वर्धन सिंह, जेपी श्रीवास्तव, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर महामंत्री आकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में यात्रा के साथ आए दीप प्रजापति, विश्वदीप जडेजा, यश भाई, हर्षल सिसौदिया समेत अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।





















