शाहजहांपुर में नवरात्रि के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
नवरात्रि में मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण किया। चेकिंग के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बरतते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने या किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियां भी बताईं।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि नवरात्रि के दौरान किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि या महिला संबंधी अपराध की जानकारी मिलने पर उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिरों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।





















