Anil Sharma Death: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बुधवार को दुखद खबर सामने आई। बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान से शुरू किया था राजनीतिक सफर
शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली निवासी अनिल शर्मा ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत ग्राम प्रधान के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वर्ष 2002 में उन्होंने खुर्जा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा और पहली बार विधायक चुने गए। वर्ष 2007 में उन्होंने खुर्जा सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।
2012 में मिली हार, फिर भाजपा में हुए शामिल
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अनिल शर्मा ने बसपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें शिकारपुर सीट से उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में जीत दर्ज कर वह तीसरी बार विधानसभा पहुंचे।
योगी सरकार में मिली मंत्री पद की जिम्मेदारी
विधायक बनने के बाद अनिल शर्मा को योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने सरकार में रहते हुए मंत्री के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन्हें शिकारपुर सीट से मैदान में उतारा, जहां उन्होंने जीत दर्ज की और चौथी बार विधायक बने।
निधन की खबर से समर्थकों में शोक
अनिल शर्मा लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका दिल्ली के अस्पताल में उपचार चल रहा था। बुधवार को उनके निधन की खबर सामने आते ही बुलंदशहर और शिकारपुर क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने अनिल शर्मा के निधन पर दुख जताया। क्षेत्रीय लोगों ने उनके राजनीतिक योगदान और लंबे सार्वजनिक जीवन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।





















