श्रावस्ती। आगामी त्योहार बारावफात को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को थाना नवीन मॉडर्न श्रावस्ती परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों, संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया। बैठक में त्योहार को लेकर क्षेत्र की व्यवस्थाओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने मौजूद लोगों से बातचीत कर त्योहार के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही शासन और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की बात कही।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। बैठक के दौरान लोगों को भरोसा दिलाया गया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।
बारावफात के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के संभावित मार्गों का निरीक्षण करने के साथ यातायात रूट डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।





















