श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला का औचक निरीक्षण किया। अचानक डीएम के पहुंचने से अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों में हलचल रही। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को हर हाल में दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी मरीज पंजिका, प्रसव कक्ष और एनबीएसयू वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती गर्भवती महिलाओं की पंजिका के साथ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति पंजिका भी देखी। डीएम ने खास तौर पर प्रसव कक्ष और जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती मरीजों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
मौके पर दो स्टाफ नर्स और एक चिकित्सक उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने तैनाती स्थल पर रहकर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी से गायब मिलने वाले चिकित्सक या पैरामेडिकल कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने जिले के सभी अस्पतालों में मरीजों को सरकार की ओर से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी इकौना रवेन्द्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार तिवारी समेत अन्य चिकित्सक और पैरामेडिकल कर्मचारी मौजूद रहे।





















