श्रावस्ती में मंगलवार को ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ जन-सुनवाई कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल के तहत मंडल के जिलों में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचीं महिला फरियादियों ने जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित प्रार्थना पत्र दिए। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और प्राथमिकता बरतने को कहा।
इसके अलावा जनता दर्शन में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 16 शिकायतें भी पहुंचीं। इनमें आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर फरियादियों ने अपनी बात रखी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को केवल कागजी खानापूर्ति से बचने और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर शिकायतों का वास्तविक समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।





















