अधिकारियों को दिए सात अहम निर्देश
अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, महिला सुरक्षा और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा तथा मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने पर भी बल दिया।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा महिलाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून के मद्देनजर संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्क रहने तथा आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के लिए कहा गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, अफवाह और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी दिनों में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।








