पीडीडीयू नगर (चंदौली)। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 12 जुलाई को डिप्टी स्टेशन मास्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में मंगलवार को ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के बैनर तले स्टेशन मास्टरों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन से डीआरएम कार्यालय तक विरोध जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने डीआरएम कार्यालय परिसर में धरना देकर नारेबाजी की और रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषी आरपीएफ जवानों को बर्खास्त करने की मांग की।
स्टेशन मास्टर बैनर और पोस्टर लेकर पीडीडीयू जंक्शन से जुलूस की शक्ल में निकले। इस दौरान उन्होंने “दोषी आरपीएफ जवानों को बर्खास्त करो”, “आरपीएफ की मनमानी नहीं चलेगी” और “स्टेशन मास्टरों का सम्मान करना होगा” जैसे नारे लगाए।
धरना सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि आगरा कैंट स्टेशन पर हुई घटना बेहद निंदनीय है। उनका आरोप है कि एक महिला यात्री की सहायता करने के दौरान आरपीएफ जवानों ने डिप्टी स्टेशन मास्टर के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है और दोषी जवानों को सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
एसोसिएशन के मंडल सचिव प्रिंस कुमार ने कहा कि स्टेशन मास्टर पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ट्रेन संचालन का कार्य करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला यात्री की सुरक्षा के लिए ट्रेन रुकवाने के बावजूद संबंधित अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष अमित रंजन कुमार, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, मंडल कार्यकारी अध्यक्ष मुन्ना कुमार, अभय राय, गोमेद पांडेय, बाल मुकुंद शर्मा, मुकेश गुप्ता, शंभु कुमार, रणधीर कुमार, नीरज कुमार सिंह, वीरेंद्र, जितेंद्र कुमार, ब्रांच सचिव संतोष मौर्या, वीरेंद्र कुमार, सुजीत कुमार दास सहित बड़ी संख्या में स्टेशन मास्टर शामिल रहे।








