संतकबीरनगर। प्रदेश सरकार के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सरदार पटेल इंटर कॉलेज, भदाह में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत’ थीम पर आयोजित निबंध, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के संरक्षक महेंद्र कुमार चौधरी और प्रधानाचार्य विनोद चौरसिया के निर्देशन में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं इरम खातून, रोशनी, प्रिया गुप्ता, खुशनुमा और नेहा ने आकर्षक पोस्टर तैयार कर विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों की रचनात्मकता की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं में भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत विषय पर अपने विचार निबंध के माध्यम से व्यक्त किए, जबकि क्विज प्रतियोगिता में सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार चौरसिया, रामप्रकाश, अमित कुमार, जितेंद्र, अजय सिंह, ईश्वरचंद्र, बालकृष्ण यादव, रामू चौरसिया, किरण पटेल सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।







