सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के बहुरावां ग्राम पंचायत के पूरे औघड़ मजरे में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब डुहिया जंगल के पास एक कुएं में 19 वर्षीय युवती का शव मिला। बताया जा रहा है कि युवती सुबह घर से निकली थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर देर तक कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच जंगल के पास कुएं के किनारे चप्पल और दुपट्टा पड़ा दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
कुएं में झांककर देखने पर ग्रामीणों को अंदर युवती का शव नजर आया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही बल्दीराय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिस परिवार की बेटी कुछ घंटे पहले तक घर से निकली थी, वहां अचानक मातम पसर गया।
परिजनों ने शव की पहचान पूरे औघड़ निवासी देवी दीन की 19 वर्षीय पुत्री अंजली के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि अंजली का एक भाई पवन (24) है, जो मानसिक रूप से कमजोर है। युवती की मौत की खबर से परिवार के साथ-साथ गांव में भी शोक का माहौल है। घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर दिया है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर युवती कुएं तक कैसे पहुंची।
बल्दीराय थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।






















