तीन साथियों की बचाई गई जान
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित पोस्ताघाट गंगा तट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में गंगा में उतरे तीन अन्य किशोरों को स्थानीय लोगों और नाविकों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बिरनो थाना क्षेत्र के पालिया गांव की एक वृद्ध महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ग्रामीण पोस्ताघाट श्मशान घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 वर्षीय पीयूष अपने साथियों प्रियांशु, ऋषु और दुर्गा प्रसाद के साथ गंगा में स्नान करने चला गया। स्नान के दौरान पीयूष गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा।
अपने साथी को बचाने के लिए प्रियांशु, ऋषु और दुर्गा प्रसाद भी गंगा में उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डूबते समय पीयूष ने प्रियांशु को पकड़ लिया, जिससे वह भी असंतुलित होकर डूबने लगा। हालांकि, प्रियांशु किसी तरह खुद को छुड़ाने में सफल रहा, लेकिन तब तक पीयूष तेज धारा में बह गया। वहीं, संकट में फंसे तीनों युवकों को स्थानीय लोगों और नाविकों ने बांस के सहारे बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली।
घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक नदी में बहते दिखाई दे रहे हैं और एक युवक उन्हें बचाने का प्रयास करता नजर आ रहा है।
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद मौके पर गोताखोरों की तत्काल व्यवस्था नहीं की गई, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। इसको लेकर ग्रामीणों और परिजनों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।








