प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से जारी की धनराशि, कृषि विज्ञान केंद्र से लेकर ग्राम पंचायतों तक हुआ सीधा प्रसारण
चंदौली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से सुबह 10:30 बजे योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत जनपद चंदौली के 2,03,650 किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की धनराशि हस्तांतरित की गई। किस्त जारी होने से जिले के दो लाख से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता मिली।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सहित जिले के सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में प्रधानमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक के प्रतिनिधि सुशील सिंह और मनोज कुमार उपाध्याय मौजूद रहे। सुशील सिंह ने किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले किसानों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला उपायुक्त मनरेगा, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी उपस्थित रहे। इनके अलावा वृक्षबंधु डॉ. परशुराम सिंह, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. रितेश गंगवार, हिमांशु शेखर राय, मानसिंह, अरुण कुमार यादव, रिपुसूदन पांडेय, सुनील मौर्य, पत्तन मौर्य, ओमप्रकाश सिंह और अशोक सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वैज्ञानिक, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।





















